चार पीढ़ियाँ और एक सवाल
Chaar Peedhiyan Aur Ek Sawaal
चार पीढ़ियों के बदलते दौर, बदलती सोच और बदलते रिश्तों के बीच एक सवाल बार-बार सामने आता है। यह रचना उसी सवाल को चार पीढ़ियों की नज़र से समझने की एक कोशिश है।

कहानी का शीर्षक आपको यहाँ तक तो ले ही आया होगा कि इस कहानी के पात्र महिलाएँ हैं।
मेरी कलम की सबसे प्रिय सखी कोई भी महिला।
“हाँ महिला”।
कलम को महिलाओं की भावनात्मक स्थिति, उनके विचार, उनका सशक्त होना, उनकी हर रिश्ते में अव्वल आने की होड़ के बारे में लिखना बहुत अधिक पसंद है।
क्योंकि महिलाएँ नाम और उम्र आसानी से नहीं बतातीं, इसलिए कहानी में पात्र का नाम बताना हमारे लिए भी थोड़ा मुश्किल होगा। पर कहानी का अन्त आपके मनोस्थिति के पटल पर कुछ सवाल जरूर लेकर आएगा।
ये कहानी चार अलग-अलग उम्र की महिलाओं की है। समझने में थोड़ा आसान हो जाए तो कह लीजिए कि ये कहानी आपकी परदादी, दादी, माँ और आपकी पत्नी की है। बाकी, आप जिस भी उम्र में हों और जिस रूप में भी इन पात्रों को पढ़ना चाहें, वो आपकी इच्छा पर निर्भर करता है।
कुछ परिवार इतने सौभाग्यशाली होते हैं कि वहाँ आपको चार पीढ़ियाँ एक साथ नज़र आती हैं। ऋतुजा का परिवार भी कुछ ऐसा ही था।
बस फर्क इतना था कि चारों पीढ़ियों की महिलाएँ इस बात पर खफा थीं कि दूजी महिला के लिए समाज और परम्पराएँ बदल कैसे गईं?
और कहानी कुछ यूँ हुई कि ऋतुजा को देखकर परदादी को अपने दिन याद आए।
जब वो ग्यारह साल की बच्ची ब्याता बनकर अपने से चौगुनी उम्र के वर के साथ अपने ससुराल आईं, तो सबसे पहली परीक्षा के लिए पुरुष नहीं, स्त्रियाँ उनके सामने खड़ी थीं—जो दादी से खाना बनवाना, खेती-बाड़ी, पशुओं की देखभाल और हर वो धार्मिक काम करवाना चाहती थीं, जिससे ऋतुजा की परदादी बेटे की माँ बन सके।
और बदले में पुरुषों की प्रताड़ना और स्त्रियों के रौद्र रूप को झेलते हुए वह तब तक परीक्षा देती रहीं, जब तक माँ से दादी नहीं बन गईं—और फिर एक दिन वही परीक्षाएँ उनकी बहू के सामने थीं।
ऋतुजा… मतलब मेरी दादी।
परदादी मुस्कुरायीं और बोलीं, “हाँ, यही बुढ़िया मेरी बहू और तुम्हारी दादी।”
ऋतुजा ने परदादी की आँखों में एक गुस्सा देखा, मानो वे आँखें उनसे वो बचपन माँग रही हों, जो समाज ने उस बच्ची से रूढ़िवादी परम्पराओं की आड़ में छीन लिया था।
“अम्मा, क्यों रोशनी में अँधेरे सी बात करती हो तुम और परेशान…” दादी ने कहा,… जीवन तो ऋतु, तुम हमारा देखो। सोलह के थे जब तुम्हारे बाबू जी के संग आए और जानती हो, ये तक भी नहीं जानते थे कि हमारा विवाह आखिर घर में किन सज्जन के साथ हुआ है। घूँघट में थे और पैरों से अंदाज़ा लगाने की कोशिश करते रहे कि क्या पता ये ही हमारे साजन हों, जिनके लिए हमने शिव जी को प्रसन्न किया और ये श्रृंगार किया।”
ऋतुजा खिलखिला उठी।
बोली, “ऐसा कहा होता है? यदि तुम बाबू जी को देखे नहीं, तो बड़ी अम्मा का सोचा?”
सब खिलखिलाकर एक-दूजे को देखने लगे।
ऋतुजा बोली, “क्यों बड़ी अम्मा, हमने कुछ गलत कहा क्या?”
अम्मा/दादी बोली, “ख़ैर, तुम्हारे बाबू जी से मिलीं, जिनके सपने देखे थे, वो ही थे क्या? या फिर शिव जी ठीक से ख़ुश नहीं हो पाए?”
हँसी-ठिठोली में अम्मा बोलीं कि सोलह वर्ष में ही हम पर घर, पशु और खेत का काम था। कोई सुनाता था कि भोजन ठीक से नहीं पकाती हो, कोई कहता था कि हमें घूँघट करने की शर्म नहीं है, कोई कहता था कि शरीर इतना भारी, तुम पहलवानों जितना खाती हो और काम तुम हमारे जितना भी नहीं करती हो।
जानती हो, हमें मीठे के नाम पर गुड़ और पीने के लिए छाछ बहुत पसंद था और तुम्हारी बड़ी अम्मा उसमें भी पानी मिला देती थीं और हम गुड़ खाकर पानी पीते थे।
“बेटा, हमें बड़ी मुश्किलों से पैदा हुआ।” । बड़ी प्रताड़ना सही कि हम केवल बेटी को जन्म देते हैं। गर्भावस्था के उन नौ महीनों में भी घर का काम करते रहे और यदि तुम्हारे बाबू जी साथ देते, तो बाबू जी को भी “लुगाई के गुलाम” की उपाधि से नवाजा जाता था।
“पर आपको मैं घंटों बड़ी अम्मा से बतियाते देखती हूँ। मैं कैसे यकीन करूँ कि बड़ी अम्मा ऐसी भी थीं?”
“उत्पीड़न का शिकार हम दोनों हुए। पुरुष प्रधान समाज की हुकूमत हम दोनों ने सही। पर्दा प्रथा हम दोनों की रूह से होकर गुज़री। पुरुष के विद्वत और विकराल, दोनों रूप हमने देखे। स्त्रियाँ किस प्रकार कभी धर्म के, खोखली परंपराओं के, गलत विचारधारा के, पाखंड में आकर स्त्रियाँ ही स्त्रियों को तबाह करती रहीं।
और बस इसीलिए बड़ी अम्मा ने सौग़ात में हमें ये सब दे दिया और हमने इसमें कुछ क्रूर रूप धरकर अपने बनाए नियमों का पालन करने के लिए तुम्हारी माँ को चुना।”
“रहा हमारा घंटों का सवाल, तो क्यों बड़ी अम्मा, चुप क्यों बैठी हो? बोलती क्यों नहीं?”
बड़ी अम्मा बोली, “बहू हो तुम, हमसे ज़बान मत लड़ाओ।”
सब डर गए।
अम्मा ने सबकी ओर नज़रें घुमाईं और मन ही मन मुस्कुराईं कि “हुकूमत तो हमारी आज भी ज़िंदा है।” लाठी उठाकर बोलीं, “स्त्रियों को पता नहीं था कि सखी होना जवानी से बुढ़ापे तक का सफ़र है। बुढ़ापे में सखी होना कोई बड़ी बात नहीं।”
ऋतुजा ने आँखें माँ की ओर घुमाईं और बोली, “माँ, तुम मत कहना कि पापा को देखे नहीं थे।”
महफ़िल में फिर से ठहाके बाहर आए।
माँ बोलीं, “अब दो-दो सास सामने हैं, तो ये कहना थोड़ा गलत होगा कि तुम्हारे पापा को हमने देखा नहीं था।”
“मैं कॉलेज में थी, जब तुम्हारे नाना मेरी शादी करना चाहते थे। मेरे समय में लड़कियाँ नौकरी की ओर अग्रसर थीं और हमारा भी सपना था कि हम एक अध्यापिका बनें।”
ऋतुजा की आँखों में हैरानी और चेहरे पर सन्नाटा था।
तुरंत अम्मा ज़ोरों से हँसने लगीं और बोलीं, “सपना और लुगाई का!”
अब दोनों अम्माएँ हँसने लगीं कि हम जब से ब्याह कर आए हैं, पसंद की सब्ज़ी तक न खा सके और सपना
अम्मा हँसते-हँसते रोने लगीं और बोलीं, “हमारा भी सपना था कि हम किताब पढ़ें, पर पहले पिता जी ने शिक्षा से दूर रखा और फिर ससुराल ने हाथों में चिमटा दे दिया।”
बड़ी अम्मा तुतलाती ज़बान में बोलीं, “हम भी शहर देखना.चाहते थे, पर घूँघट में बुढ़ापा आ गया।”
ऋतुजा के समक्ष बैठी हुई तीनों स्त्रियाँ पहली बार एक-दूसरे को बता रही थीं कि उनके कुछ सपने थे। ऋतुजा यह दृश्य देखकर और भी चकित इसीलिए हुई कि वे तीनों आज एक-दूसरे की ओर शिकायत नहीं, बल्कि अपने टूटे सपनों के आँसू मिट्टी में गिरा रही थीं।
माँ बोली, “किताबें धूल खा रही थीं, सूट को साड़ी में लपेट दिया, कलम से चमकते मेरे हाथों में भोजन से जलने के निशान पड़ने लगे। कभी तुम्हारे पिताजी की जिम्मेदारियाँ, कभी तुम भाई-बहनों की परवरिश, कभी रीति-रिवाज तो कभी सासू के ताने, जीवन भर अपने परिवार के दिए संस्कारों का बोझ उठाकर,कभी गलत फैसलों का विरोध नहीं कर पायी, कभी अपना स्थान रसोई के साथ परिवार की सुविधा और दुविधा के बीच नहीं बना पाई।”
“परिवार के समन्दर में इस कदर डूबती रही कि कॉलेज जाने वाली लड़की कहीं बह गई। बचा तो सिर्फ ये भरम कि ‘मेरे बिना ये परिवार रुक जाएगा।’”
ऋतुजा बोली, “माँ, फिर मैं डॉक्टर कैसे बनी? दादी, तुमने मुझे पढ़ने से क्यों नहीं रोका? बड़ी अम्मा, तुम्हारी धुँधली आँखों में मेरे डॉ. होने की चमक क्यों है?
तुम तीनों जवाब क्यों नहीं देती?
तुमने इतना सहा, तुम्हारे सपने मर गए, तो तुमने मुझसे बदला क्यों नहीं लिया?”
माँ बोली, “क्योंकि मैंने प्रण लिया कि मेरी बेटी चिमटा और कलम दोनों का समजस्य साध कर चलेगी।
क्योंकि मैंने प्रण लिया कि वो भीगी आँखों से कभी नहीं कहेगी कि ‘मेरा सपना था कि मैं डॉक्टर बनूँ।’”
ऋतुजा की आँखों में पानी का सैलाब था कि “माँ, तुम मेरे लिए प्रेरणा हो।”
“तो क्या तुम दादी और बड़ी अम्मा की सखी हो?”
माँ ने उन दोनों की ओर देखा और कहा, “नहीं।”
हम सब अपने-अपने समय के दुखों को दिल में दबा कर बैठे हुए और शायद हमने एक दूजे को माफ़ भी नहीं किया और मैं कर भी नहीं पाऊँगी। ये रिश्ता हमें सखा बना दे, हम सखा अब बन नहीं पाएंगे।
आज पहली बार ऋतुजा के घर की तीनों महिला चुप थीं।
घर के सन्नाटे के बीच ऋतुजा की भाभी के कदम आँगन में पड़े और वो बिना किसी देरी के रसोई से जाकर सबके लिए पानी लेकर आती है। माथे पर पसीना, आँखों में डर, आवाज़ में देरी। ऋतुजा हैरान थी कि ये कहानी यहाँ तक है?
क्या ऋतुजा की माँ भी दी हुई विरासत आगे लेकर आई है?
क्या उसकी माँ ने भी बहू के लिए कुछ नियम बनाए हैं?
क्या औरत, औरत के लिए बदली नहीं है?
भाभी ने कहा, “दीदी, पानी।”
“किस सोच में खो गए? आज हमारी डॉक्टर को हमारे लिए समय मिल गया?”
ऋतुजा मुस्कुराते हुए माँ की ओर देखने लगी।
बोली, “भाभी, तुम्हारे क्या सपने हैं? तुम ससुराल में ख़ुश हो? तुमने बहू होने के लिए क्या-क्या खोया है? तुम्हें कितनी बार ये कहा जाता है कि ‘बच्चे होते नहीं हैं या करती नहीं हो?’ नौकरी से आकर थकान होती है तो क्या माँ तुम्हें सुन पाती है? कभी रसोई से छुट्टी लेकर घूमने को दिल चाहता है? क्या कभी तुम्हारे पहनावे को लेकर नियम बने हैं?
क्या तुम भी अपने परिवार के दिए संस्कारों का ग़लत बोझ ख़ुद पर उठा रही हो?
बोलो ना। तुम चुप क्यों हो? बोलो।”
भाभी की “आँखों से गिरते मोती” ने बताया कि “बदलता जमाना चुनौतियों के रूप बदल कर आज भी महिलाओं के विरोधाभास के लिए तैयार खड़ा है।”
भाभी बोली कि “हाँ, मेरा सपना है कि मैं अध्ययन करती रहूँ, किंतु मैं रसोई से रिहाई नहीं चाहती हूँ क्योंकि मैं परिवार को स्वस्थ देखना चाहती हूँ, लेकिन मैं पुरुष को भी रसोई और ख़ुद को भी कुर्सी पर देखना चाहती हूँ।”
“हाँ, मैं ससुराल में ख़ुश हूँ, किंतु मैं अपने परिवार की यादों को भी यहाँ साझा करना चाहती हूँ, बेख़ौफ़ यहाँ और वहाँ खुलकर जीना चाहती हूँ, परिवारों को हमेशा परिवार देखना चाहती हूँ।
मैंने बहू होने पर इज़्ज़त पायी, सबका प्यार पाया, सब के लिए मैं और सब मेरे लिए है, पर मैंने अपनी बहुत सी सहेलियों को खोया है, जिन्हें मैं मेरे सामने बैठी सभी स्त्रियों में हर दिन खोज रही हूँ।
हाँ, ‘बच्चा मैं भी चाहती हूँ, लेकिन जब मैं चाहती हूँ केवल तब।’
हाँ, नौकरी से आकर माँ खोजती हूँ तो सास मिल जाती है, पर हम हर दिन सीख रहे हैं कि ‘मुझे थोड़ा बेटी और उन्हें थोड़ा ज़्यादा माँ कैसे होना है?’
हाँ, ‘मेरे पहनावे को लेकर नियम हो सकते थे, किंतु मैं परिधान को स्थिति के हिसाब से पहनना जानती हूँ, इसीलिए माँ ने उन नियमों को बनाने से पहले मुझे देख लिया और मैंने उन नियमों की नौबत आने नहीं दी।’
हाँ, मैं संस्कारों के तले हूँ, लेकिन पढ़ी-लिखी आज की नारी हूँ, जो ग़लत और सही का फ़र्क़ देख सके। इसीलिए मैं अपनी बात हमेशा रखती हूँ।”
सभी ऋतुजा की भाभी “वेदायी” को निहार रहे थे।
माँ थोड़ी संकोचित हुई, पर मन-मन “नए भारत की नारी को देख कर प्रफुल्लित थी।”
ऋतुजा ने कहा, “अच्छा देवियों, अब मैं चलती हूँ।”
माँ ने कहा, “कहाँ?”
ऋतुजा, “माँ, मैं भी बहू हूँ।”
“परिवार चिंता में होगा।”
सब ज़ोरों से हँसने लगे।
परदादी बोली, “जरा सूट पहन कर आया करो, बड़े हैं घर में।”
दादी बोली, “तुम रहने ही दो अम्मा।”
माँ बोली, “अच्छा, मैंने कुछ सामान बाँधा है, ले जाओ।”
भाभी बोली, “चाय तक रुक जाइए ना।”
कलम—
“कितनी प्यारी हैं ये स्त्रियाँ। ये कहाँ किसी बहू के लिए बुरी हैं। कौनसी बहू के लिए ये स्त्रियाँ बुरी हैं?
बुरे तो केवल मापदंड हैं, जो स्त्रियों के लिए सीमा साधते हैं।
बुरे तो वो परवरिश है, जो किसी की बेटी को ‘आया’ बना कर रख देते हैं।
बुरे तो वो पुरुष हैं, जिन्होंने अपनी माँ, बहनों, बेटियों, पत्नी को समाज के हवाले कर दिया कि समाज फैसला करेगा कि स्त्री साँस ले या रोक दे।
बुरी तो हर वो सोच है, जो स्त्री को स्त्री की सखा नहीं होने देती।”
ऋतुजा की आँखों से पानी छलक कर पन्ने पर आ गिरा और कलम रुक गई।
फैसला आया कि—
ये चार पीढ़ी की कहानी को यही विराम दे दिया जाए।।
नेहा मलिक (theaksara)
Summary
यह कहानी चार पीढ़ियों की उन स्त्रियों की है, जिनके जीवन और संघर्ष अलग होते हुए भी एक-दूसरे से जुड़े हैं। परदादी, दादी, माँ और बहू की बातचीत में उनके दबे हुए अनुभव, अधूरे सपने और समाज द्वारा बनाए गए मापदंड धीरे-धीरे सामने आते हैं। एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक केवल परम्पराएँ ही नहीं, बल्कि कुछ दर्द और अधूरे सपने भी विरासत में मिलते हैं। यह कहानी इसी सवाल के इर्द-गिर्द है कि जो स्त्री दूसरी स्त्री को बाँधती है, क्या वह केवल दोषी है या कभी वह स्वयं भी उसी व्यवस्था की शिकार रही है?
Writer's Notes
एक स्त्री होकर मैंने एक स्त्री की आत्मा को कागज़ पर उतार दिया। कोशिश केवल इतनी रही कि चार पीढ़ियों की महिलाओं का भाव आप तक पहुँच सके और एक सवाल का जवाब ज़रूर मिले— ये समाज स्त्री के लिए क्यों नहीं बदला?
Credits
NEHA MALIK ( theakshara)
