मेरा घर कहाँ है?
Mera Ghar Kahan Hai?
शादी के बाद एक बेटी के मायके में रहने के दिनों की गिनती की जाती है—मानो वह घर उसका अपना होकर भी हमेशा के लिए उसका नहीं है। वही बेटी जब बहू बनकर किसी दूसरे घर में जाती है, तो वहाँ भी उसे बार-बार याद दिलाया जाता है—“हमारे यहाँ ऐसा नहीं होता।” जिस घर को अपना बनाने में वह उम्र लगा देती है, वहाँ भी वह हर पल अपने “परायेपन” से रूबरू होती रहती है। फिर वह बेटी से बहू बनती है, बहू से माँ बनती है… मगर सवाल वही रह जाता है—उसका घर कहाँ है? यह कविता उसी सवाल की तलाश है—एक ऐसी स्त्री की, जो उम्र भर दूसरों के घरों को अपना बनाती रही, लेकिन अपने लिए एक घर की तलाश करती रही।

मेरा घर कहाँ है?
खोजती रही, वो उम्र भर—मेरा घर कहाँ है?
खिलौनों से घर-घर खेलते-खेलते घर को सजाया था,
कभी बंदिश, कभी खुला आसमान, कहीं उलझनों में घिरे लड़कपन को सुलझाया था।
अपने ही घर में पराया धन, पराए ने कभी अपना बनाया न था,
सिसकियों ने भी सिसक कर पूछ ही लिया—तेरा दर कहाँ है?
खोजती रही वो उम्र भर, मेरा घर कहाँ है।।
लड़ती रही वो उम्र भर, न जाने कैसी लड़ाई मिलेगी,
सीखती रही उम्र भर, न जाने कैसी ज़रूरत आन पड़ेगी,
परायों में अपनों को ढूँढते-ढूँढते, वो अपनों से भी परायों-सा मिलेगी,
नदियों के किनारों में, ढूँढे वो अपना जहाँ है?
खोजती रही वो उम्र भर, मेरा घर कहाँ है।।
सुनो, तुम पढ़ना, पराया नहीं, आत्मसम्मान का धन चुनना,
त्याग, ममता, समर्पण की मूरत से पहले, ख़ुद को सुनना,
सिखाता रहेगा ये जगत औरत को औरत होना,
परायों में खड़े होकर पराया न होना।
मगर याद रहे,
मेरी कलम पूछे कोई तुमसे—तेरा घर कहाँ है?
कहना, मेरे कदमों में ये सारा जहाँ है।
Summary
यह कविता वो सवाल है, जो एक स्त्री के अंतर्मन में हमेशा रहा—उसका घर कहाँ है? वह जीवनभर इस सवाल का जवाब तलाशती रही और अपने हिस्से के घर, अपनापन और पहचान के लिए संघर्ष करती रही। बेटी से बहू और फिर माँ बनते हुए भी उसके मन में यह सवाल बना रहा। यह कविता उसी स्त्री की तलाश, उसके संघर्ष और अंततः अपने अस्तित्व को पहचानने की कहानी है।
Writer's Notes
जब मैंने यह भाव महसूस किया, तो कलम उठा ली और लिख दिया—मायके और ससुराल के पलड़ों में एक स्त्री का घर कहाँ है? शायद यह सवाल भी एक स्त्री के साथ उसकी आख़िरी यात्रा तक जाता होगा… शायद उसकी अर्थी के साथ भी।
More Poems
शादी के बाद, माँ बहुत याद आएगी
सोचती थी, उस छोर जाकर इन सबसे आज़ादी मिल जाएगी, कौन जाने, शादी के बाद माँ बहुत याद आएगी।।
एकतरफ़ा इश्क़
“मेरे हिस्से किताबें, तुम्हारे हिस्से इंतज़ार आया, मैं संवर गया, तुम संभल ना सकी, मर कर भी इस एकतरफ़ा मोहब्बत से रिहाई ना मिली।”
कुंवारी लड़की
“सुंदर नहीं है, बड़े घर कहाँ ब्याह पाओगे सुंदर है, बधाई हो, बिन मोल, आसानी से तिर जाओगे।” मासूमियत, काबिलियत तन पर आकर बिक गई कितना लगाओगे, पिता की सारी कमाई दहेज की भेंट चढ़ गई। हर दिन उसकी उम्र गिनाए जानी लगी पैदा क्यों हुई, अब ये बात जताई जाने लगी कुंवारी हूं, अपनों के मुंह से बोझ मानी जाने लगी।
