शादी के बाद, माँ बहुत याद आएगी
Shaadi Ke Baad, Maa Bahut Yaad Aayegi
जब कोई शादीशुदा स्त्री इस कविता को पढ़ना शुरू करेगी, तो शायद उसे शादी से पहले माँ के साथ बिताया हुआ अपना हर वह पल याद आ जाएगा, जब माँ ने कहा होगा— “तुम्हें मेरी बहुत याद आएगी।” और हर बेटी ने शायद मुस्कुराकर कहा होगा— “माँ, ऐसा कभी नहीं होगा।” लेकिन शादी के बाद जो हुआ, उसे जानने के लिए शायद आपको यह कविता पढ़नी होगी…

मुझे दोस्तों के साथ जाना है,
बंदिश ना लगाओ, आसमान तक उड़ान को पहुँचना है,
क्यों हर वक्त साथ बैठने की ज़िद लगाती हो,
जो तुमने सीखा, क्यों हर पल मुझे सिखाती हो,
सोचती थी, उस छोर जाकर इन सबसे आज़ादी मिल जाएगी,
कौन जाने, शादी के बाद माँ बहुत याद आएगी।।
जब खाने का मन नहीं, कोई खाने की ज़िद ना लगाए,
जब एक गलती, सौ के भाव तौली जाए,
जब बेटी कहकर, बेटी कहना भूल जाए,
जब बीमार होने पर, कोई सर पर हाथ फेरने ना आए,
जब अंधेरी रात “माँ को बताऊँ क्या” इसी कशमकश में बीत जाए,
सोचती थी, कलम तुम्हारी याद पर क्यों आँसू बहाएगी,
कौन जाने, शादी के बाद माँ बहुत याद आएगी।।
न जाने, किसने इस परिपाटी को रचा है,
तेरे साथ रहने की निश्चित समय-सीमा है,
तुझसे आँखें चुराकर जब अपनी राह चली आती हूँ,
तेरे बिन ख़ुश हूँ, दोनों को झूठा विश्वास दिलाती हूँ,
सोचती हूँ, आज मिला, अगले निवाले की बारी कब आएगी?
कौन जाने, शादी के बाद माँ बहुत याद आएगी।।
Summary
शादी के बाद, माँ बहुत याद आएगी” एक बेटी के उस भाव को बयां करती है, जो शादी से पहले माँ की रोक-टोक और नसीहतों को बंधन समझती है और सोचती है कि एक दिन इन सबसे आज़ादी मिल जाएगी। लेकिन शादी के बाद, जब माँ की डाँट, खाने की ज़िद, बीमारी में सिर पर रखा हाथ और रात के अँधेरे में उससे मन की बात कहने का सहारा दूर हो जाता है, तब उसे माँ की हर छोटी-सी बात याद आने लगती है। यह कविता उस अनकहे एहसास की कहानी है, जिसे शायद हर बेटी घर से विदा होते समय अपने साथ ले जाती है।
Writer's Notes
कभी आपको भी वही महसूस हुआ हो, जो मेरी कलम ने महसूस किया, तो बस लिख दीजिएगा। आप सबसे मेरी कलम का बस यही संदेश है— जो महसूस हो, उसे शब्द दे दीजिए।
Credits
theakshara
More Poems
एकतरफ़ा इश्क़
“मेरे हिस्से किताबें, तुम्हारे हिस्से इंतज़ार आया, मैं संवर गया, तुम संभल ना सकी, मर कर भी इस एकतरफ़ा मोहब्बत से रिहाई ना मिली।”
कुंवारी लड़की
“सुंदर नहीं है, बड़े घर कहाँ ब्याह पाओगे सुंदर है, बधाई हो, बिन मोल, आसानी से तिर जाओगे।” मासूमियत, काबिलियत तन पर आकर बिक गई कितना लगाओगे, पिता की सारी कमाई दहेज की भेंट चढ़ गई। हर दिन उसकी उम्र गिनाए जानी लगी पैदा क्यों हुई, अब ये बात जताई जाने लगी कुंवारी हूं, अपनों के मुंह से बोझ मानी जाने लगी।
मेरा घर कहाँ है?
परायों में अपनों को ढूँढते-ढूँढते, वो अपनों से भी परायों-सा मिलेगी, नदियों के किनारों में, ढूँढे वो अपना जहाँ है? खोजती रही वो उम्र भर, मेरा घर कहाँ है।
